वन रक्षक भर्ती के दौरान युवक की मौत : वन रक्षक भर्ती के लिए दौड़ लगाते समय बिगड़ी अभ्यर्थी की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम, मचा हड़कंप…

कोरबा- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले में चल रहे वन रक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने आये एक अभ्यर्थी की दौड़ने के दौरान मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि दौड़ में हिस्सा लेते हुए अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना अंतर्गत बाना परसाही का रहने वाला 30 वर्षीय सुखसिंह कंवर वन रक्षक परीक्षा का फिजीकल टेस्ट देने के लिए कोरबा आया था। बरीडीह में रहने वाले रिश्तेदार के घर में रुकने के बाद फिजीकल टेस्ट के लिए प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम पहुंचा था।
200 मीटर दौड़ में हिस्सा लेते समय सुखसिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया, और कोरबा रेंजर के साथ सिविल लाइन थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं।